आने वाली वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। ट्रेलर में सपनों, पैसों और जल्दी अमीर बनने की चाहत के बीच फंसे कुछ किरदारों की कहानी दिखाई गई है। मजेदार अंदाज में पेश की गई यह सीरीज नेटवर्क मार्केटिंग की दुनिया के उन पहलुओं को सामने लाती है, जिनसे लगभग हर कोई कभी न कभी जुड़ता जरूर है।
ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे लड़के से होती है, जो अपने बिजनेस आइडिया के लिए पिता से पैसों की मांग करता है, लेकिन उसे समर्थन नहीं मिलता। इसी बीच कहानी में एक ऐसा बिजनेसमैन सामने आता है, जो लोगों को बड़े सपने दिखाकर नेटवर्क मार्केटिंग के जाल में खींचता है। करोड़पति बनने के सपने, मोटिवेशनल भाषण और चमकदार लाइफस्टाइल के पीछे छिपी असलियत को ट्रेलर हल्के-फुल्के लेकिन असरदार अंदाज में दिखाता है।
सीरीज में परमवीर सिंह चीमा ‘गोल्डी’ के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रणवीर शौरी मनोज श्रीवास्तव की भूमिका निभा रहे हैं। अभिनेता शेखर सुमन भी लंबे समय बाद एक अलग अंदाज में दिखाई देंगे। इनके अलावा अंजन श्रीवास्तव, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, इंद्रेश मलिक, सुशांत सिंह और सोनल झा जैसे कई दमदार कलाकार भी इस कहानी का हिस्सा हैं।
‘द पिरामिड स्कीम’ का निर्माण श्रेयांश पांडे ने किया है। वहीं इसका निर्देशन आशीष आर. शुक्ला और श्रेयांश पांडे ने मिलकर किया है। सीरीज की कहानी अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है। यह वेब सीरीज 5 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। ट्रेलर को देखकर साफ है कि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि जल्दी सफलता पाने की मानसिकता पर एक दिलचस्प और व्यंग्यात्मक नजर भी डालने वाली है।
Check Out The Trailer:-