कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के काकादेव इलाके में संदिग्ध हालात में घायल मिले युवक की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। परिवार ने यह भी दावा किया कि युवक की मौत से पहले एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा था कि अभी तो कम मारा है, अगर नहीं मरा तो दोबारा और मारेंगे।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवक की मौत की सूचना मिलने पर काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाई दूज पर पत्नी-बेटी गई थीं मायके, घर में अकेला था सूरज
मृतक की पहचान काकादेव थाना क्षेत्र के डीआई कैंपस निवासी 34 वर्षीय सूरज यादव के रूप में हुई है। वह प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में पिता उदयराज यादव, मां लक्ष्मी और छोटा भाई नीरज हैं। सूरज की पत्नी रोशनी और बेटी अनिका भी परिवार में हैं। छोटे भाई नीरज ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बिठूर के ईश्वरीगंज में रहता है, जबकि सूरज शादी के बाद से पत्नी और बेटी के साथ काकादेव स्थित मकान में रह रहे थे।
भाई दूज के दिन सूरज की पत्नी रोशनी बेटी अनिका के साथ मायके चली गई थीं। इसके बाद सूरज घर में अकेले थे। पिता ने त्योहार के दिन फोन कर उन्हें घर बुलाया, लेकिन उन्होंने आने से मना कर दिया। रात में मां ने खाना खाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन सूरज ने कॉल नहीं उठाई। परिवार को लगा कि वह सो गए होंगे। अगले दिन भी जब उनका फोन नहीं उठा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।