कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो खेतों में बैठकर देशभर के लोगों को फोन के जरिए निशाना बना रहा था। इस मामले में आठ शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से अवैध वसूली करते थे।
सचेंडी थाना पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि गिरोह लोगों को चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के नाम पर डराता-धमकाता था। आरोपी फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी बताते और केस दर्ज होने का भय दिखाकर मोटी रकम की मांग करते थे।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ‘प्रतिबिंब पोर्टल’ और ‘एनसीआरपी पोर्टल’ पर दर्ज शिकायतों और डेटा के जरिए लोगों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद उन्हें फोन कर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया जाता और मामला खत्म कराने के नाम पर ठगी की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस साइबर गिरोह के तार मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से जुड़े हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।