कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर देहात पुलिस ने मूसानगर थाना क्षेत्र में हुई ऑटो लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से पकड़ लिया गया। दोनों की निशानदेही पर लूटा गया ऑटो, मोबाइल, दस्तावेज और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मूसानगर थाना क्षेत्र में ऑटो लूट की घटना हुई थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी गजनेर-चांदपुर रोड स्थित अतबलपुर तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें हिमांशु यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी शुभम भी मौके से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु यादव निवासी लक्ष्मीबाई नगर, पुखरायां (मूल निवासी सरौटा प्रथम, थाना मूसानगर) और शुभम निवासी चक चालपुर, थाना भोगनीपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने 25 जुलाई की रात ऑटो लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया ऑटो, पीड़ित का टूटा हुआ मोबाइल फोन, आधार कार्ड और ऑटो की आरसी की छायाप्रति बरामद की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर के तमंचे, चार खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल हिमांशु यादव को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग करने, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।