कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के फजलगंज में लोडर चालक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। छह किलो लोहे की छड़ गायब होने पर लोहा कारोबारी और उसके बेटे ने चालक पर चोरी का आरोप लगाया। आरोप है कि दोनों ने उसे रस्सी से बांधकर पीटा। जान बचाने के लिए चालक नाले में कूद गया, लेकिन आरोपियों ने उसे वहां से निकालकर फिर मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला मंगलवार दोपहर का बताया जा रहा है। साढ़ थाना क्षेत्र के अमौर गांव का रहने वाला दीपू सविता पिछले करीब 15 साल से दादानगर ढाल के पास रहने वाले लोहा कारोबारी राममिलन का लोडर चलाता है। दीपू के मुताबिक, छह किलो लोहे की छड़ कम मिलने पर राममिलन और उसके बेटे नितेश ने उसे चोरी का जिम्मेदार ठहराया और चेन फैक्ट्री चौराहे के पास रस्सी से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।
दीपू ने बताया कि किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागा और फजलगंज फायर स्टेशन के पास पहुंचा। पीछा कर रहे आरोपियों से बचने के लिए उसने नाले में छलांग लगा दी। आरोप है कि राममिलन और नितेश ने उसे नाले से बाहर खींचा और दोबारा पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने और राहगीरों की सूचना पर फजलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दीपू को छुड़ाकर थाने ले गई। मेडिकल कराने के बाद उसकी शिकायत पर राममिलन और नितेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा।