कानपुर में गणेश विसर्जन यात्रा पर हमला, फायरिंग और बमबाजी से मची भगदड़; 4 लोग घायल

Photo Source : Google

Posted On:Friday, September 25, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर में गुरुवार को गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते करीब तीन दर्जन लोगों ने विसर्जन में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरिंग के साथ देशी बम (दैमार) फेंके और धारदार हथियारों से भी हमला किया। लोगों को बचने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने सड़क से नीचे खेतों में कूदकर अपनी जान बचाई।

हमले में एक महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। इनमें केडीए कॉलोनी निवासी अंश शर्मा उर्फ सुदामा पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है। वहीं अविरल दुबे, मयंक और एक महिला भी घायल हुए। सभी को निहारिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद घायल अंश की बहन आकांक्षा शर्मा ने गुजैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अर्पित शुक्ला के मुताबिक, वे हनुमंत विहार की केडीए कॉलोनी से गणेश प्रतिमा लेकर सेन पश्चिम पारा के बिधनू नहर में विसर्जन के लिए जा रहे थे। पांडु नदी का पुल पार करने के बाद जैसे ही यात्रा फत्तेपुर पहुंची, वहां मौजूद आरोपियों ने बमबाजी और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद लोगों पर हमला किया गया। अर्पित ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में उसका शोभित सिंह राना उर्फ शोभित ठाकुर से विवाद हुआ था और इसके बाद आरोपियों ने उसके घर जाकर दो बार मारपीट भी की थी।

बताया गया है कि उस पुराने विवाद को लेकर हनुमंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अर्पित का आरोप है कि शोभित लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। कुछ समय से वह फत्तेपुर में अपने रिश्तेदार के घर रह रहा था। आकांक्षा शर्मा की तहरीर पर शोभित सिंह, राहुल भदौरिया, नितिन सिंह, बलवान सिंह के बेटे शिवा सिंह और जंगी समेत छह नामजद तथा 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.