कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर सेंट्रल जीआरपी ने ट्रेनों के आउटर पर यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल और सामान चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से दो महंगे मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वॉशिंग लाइन की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान 32 वर्षीय रसीद उर्फ लाला खान, निवासी मौदहा, हमीरपुर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों की रफ्तार कम होने का इंतजार करता था। जैसे ही ट्रेन धीमी होती, वह खिड़की या दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही यात्रियों के मोबाइल और दूसरे सामान पर हाथ साफ करने के साथ छिनैती भी की जाती थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल बरामद किए हैं। जांच के दौरान उसके खिलाफ कानपुर, बांदा और लखनऊ में चोरी और छिनैती के पांच मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जीआरपी अब उसके साथियों और पहले की गई अन्य वारदातों के बारे में पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी अन्य आरोपी सामने आएगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।