कानपुर थार हादसा: गड्ढों से बचने में बेकाबू हुई गाड़ी, आरोपी गीत सचान ने शराब पीने के आरोपों को नकारा

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, November 11, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में दिवाली से एक दिन पहले तेज रफ्तार महिंद्रा थार से 55 साल के एलआईसी एजेंट संतोष सिंह चौहान को कुचलने वाली 24 वर्षीय युवती गीत सचान ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। गीत ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोपों से इनकार किया है। उसका दावा है कि सड़क पर बने गड्ढों से बचने की कोशिश में थार बेकाबू हो गई थी और यह हादसा जानबूझकर नहीं हुआ। उसने संतोष की मौत पर दुख जताते हुए इसे एक दुर्घटना बताया है।

यह हादसा 7 नवंबर को हुआ था। संतोष दिवाली से पहले अपनी पत्नी के लिए साड़ी खरीदकर स्कूटर से घर लौट रहे थे। उनका घर घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर था। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष और उनका स्कूटर कई मीटर तक घिसटते चले गए। इसके बाद कार एक रिहायशी मकान की दीवार तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी। पुलिस के मुताबिक, संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय गीत के साथ उसकी छोटी बहन और एक अन्य युवक भी गाड़ी में मौजूद था। टक्कर के बाद तीनों क्षतिग्रस्त थार को वहीं छोड़कर कुछ देर बाद मौके पर पहुंची दूसरी कार से चले गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें गीत थार से उतरकर चिल्लाती नजर आई थी। बाद में पुलिस ने गाड़ी के मालिक रेत कारोबारी गुड्डू सचान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि हादसे के समय उनकी बेटी गीत ही थार चला रही थी।

गीत को दिवाली पर जमानत मिलने से नाराज परिवार

हादसे के बाद संतोष के परिवार ने कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने गीत को गिरफ्तार किया। हालांकि, दिवाली के दिन ही उसे थाने से जमानत मिल गई। इससे संतोष के परिवार की नाराजगी और बढ़ गई। उनके बेटे राहुल चौहान ने सवाल उठाया कि जिस युवती पर उनके पिता की जान लेने का आरोप है, वह दिवाली अपने परिवार के साथ मना रही है, जबकि उनका घर मातम में डूबा है। राहुल ने कहा कि उनके परिवार के लिए दिवाली की खुशियां छिन गईं, ऐसे में आरोपी को त्योहार मनाने की आजादी कैसे मिल गई।

परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस शुरुआत में संतोष की पहचान भी नहीं कर पाई थी, जबकि परिजनों ने उनकी पहचान कर ली थी। बेटे राहुल ने गीत की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं होने दी और विरोध जारी रखा। परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही संतोष का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर सहमति दी। राहुल ने यह सवाल भी उठाया कि क्या गीत के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था, क्योंकि उसके लर्नर ड्राइवर होने की बात सामने आई है। उन्होंने मांग की कि अगर गीत बिना लाइसेंस के गाड़ी चला रही थी, तो उसके पिता से भी पूछताछ होनी चाहिए।

पुलिस ने जमानत मिलने की बताई वजह

एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि गीत को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन संबंधित अपराध में सात साल से कम सजा का प्रावधान होने के कारण उसे थाने से जमानत दे दी गई। उन्होंने कहा कि मामले के बाकी पहलुओं की जांच जारी है। पीड़ित परिवार को कोई और शिकायत है तो वह लिखित में दे सकता है, उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा। पुलिस ने हादसे में शामिल महिंद्रा थार को जब्त कर लिया है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.