कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई को पीड़िता की मां ने मंगलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया कि गांव का रहने वाला मोहित कुमार उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर मोहित कुमार, नाथूराम और राहुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हवासपुर चौराहे के पास से मुख्य आरोपी मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जैतापुर गांव का निवासी है और उसकी उम्र 22 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिका से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।