कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर की गंगापुर ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक नवविवाहिता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसका शव दूसरी मंजिल पर बने कमरे में बेड के पास जमीन पर पड़ा था। घर से ससुराल वालों के गायब मिलने पर मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। वह कन्नौज जिले के ठठिया स्थित श्याम नगर के किसान उमेश सैनी की बेटी थी। उसकी शादी 20 फरवरी 2026 को न्यू आजाद नगर निवासी ऑटो चालक सागर सैनी से हुई थी। सागर की उम्र 26 साल है। शुक्रवार दोपहर सागर ने अपने साले सुमित की पत्नी बिट्टन को फोन करके बताया कि मुस्कान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद सुमित ने अपने चचेरे भाई दिनेश को घर भेजा। वहां पहुंचने पर दिनेश को मुस्कान का शव बेड के पास जमीन पर पड़ा मिला, जबकि घर में कोई ससुरालीजन मौजूद नहीं था।
मुस्कान के भाई सुमित ने आरोप लगाया कि करवा चौथ का त्योहार न भेजने को लेकर बुधवार को ससुराल में उसकी बहन को परेशान किया गया था। मुस्कान का कहना था कि उनके परिवार के लिए यह त्योहार अशुभ साबित होता है। उसके मुताबिक, मुस्कान की बड़ी बहन आरती के पहले दो पतियों की करवा चौथ का त्योहार भेजने के बाद मौत हो चुकी है। इसी वजह से परिवार में यह त्योहार नहीं मनाया जाता। आरोप है कि इस बात को लेकर सागर ने मुस्कान के साथ गाली-गलौज की और घर से चला गया। गुरुवार को करवा चौथ के दिन वह पूरे समय घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह मुस्कान ने अपनी भाभी बिट्टन को फोन करके घर में हुई पूरी बात बताई थी।
कमरे में नहीं मिला फांसी का फंदा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी मूलचंद्र चौरसिया ने बताया कि कमरे में पंखे के कुंडे से कोई साड़ी या रस्सी लटकी हुई नहीं मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।