कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र स्थित हिलौठी गांव के मजरा टुर्रा में एक महिला ने कथित तौर पर घर के आंगन में लगे लोहे के जाल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, टुर्रा निवासी सुनील कुमार की शादी वर्ष 2015 में घाटमपुर के मोहनपुर निवासी दीप शिखा से हुई थी। परिजनों का कहना है कि दीप शिखा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं और उनका कानपुर में इलाज चल रहा था। मंगलवार रात उन्होंने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी।
महिला की मौत के बाद सास राम कली, बेटे आयुष और अभी तथा बेटी अनन्या का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सूचना मिलने पर मोहनपुर से पहुंचीं मृतका की मां सीमा बेटी का शव देखकर बेसुध हो गईं। पुलिस ने परिजनों और मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गजनेर थाना प्रभारी सनत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने महिला के मानसिक तनाव से जूझने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।