कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 16 रुपये में महंगे कपड़े देने का ऑफर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा हंगामा हो गया। 15 अगस्त की रात 11:59 बजे से 16 मिनट तक सूट, जींस और शर्ट सिर्फ 16 रुपये में देने का दावा किया गया था। ऑफर सुनकर करीब 3-4 हजार लोग अनवरगंज के आलम मार्केट में पहुंच गए। भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठियां पटककर हालात संभाले।
दरअसल, आलम मार्केट में रईस आलम की होजरी की दुकान है और 15 अगस्त को उसके बेटे का जन्मदिन था। इसी मौके पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें रात 11:59 बजे दुकान पहुंचने वाले ग्राहकों को 16 मिनट के अंदर 16 रुपये में कोई भी सूट, जींस या शर्ट देने की बात कही गई थी। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और आधी रात होते-होते दुकान के बाहर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भीड़ बढ़ने के बाद लोग आगे जाने की कोशिश में एक-दूसरे पर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। इस दौरान करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख रईस आलम दुकान में ताला लगाकर वहां से चला गया। भीड़ हटने के बाद सड़क पर जगह-जगह जूते-चप्पल बिखरे मिले। सूचना पर एसीपी मंजय सिंह कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और अनाउंसमेंट कर भीड़ को नियंत्रित किया।
मामले में अनवरगंज पुलिस ने दुकान मालिक सलमान आलम और उसके भाई रईस आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी मंजय सिंह के मुताबिक, दोनों ने बिना अनुमति ऐसा ऑफर जारी कर बड़ी भीड़ जुटा दी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी और भगदड़ की नौबत आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की है।