कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (Highway) पर कानपुर कमिश्नरेट में तैनात एक महिला सिपाही और कांवड़ियों के बीच हेलमेट पहनने की बात को लेकर विवाद हो गया। यह घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की है, जब इटावा निवासी महिला सिपाही अपने घर से कानपुर ड्यूटी पर लौट रही थीं। ओवरब्रिज के नीचे शुरू हुई यह कहासुनी बाद में रास्ते में पानी पीने के दौरान दोबारा बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान महिला सिपाही और अकबरपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र कुमार के बीच फोन पर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक (SP) श्रद्धा पांडे ने मामले की संज्ञान लेते हुए पूरी घटना की जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में महिला सिपाही की लापरवाही या संलिप्तता पाई जाती है, तो विभागीय कार्रवाई के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नर को रिपोर्ट भेजी जाएगी।