कानपुर न्यूज डेस्क: सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के बिनगवां गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक कैंसर पीड़ित युवक ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण एक मालगाड़ी करीब एक घंटे तक रुकी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, नौबस्ता हंसपुरम आवास विकास निवासी 45 वर्षीय राजकुमार तिवारी का शव डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर पड़ा मिला। शव की स्थिति काफी क्षत-विक्षत थी। ट्रैक पर शव होने की वजह से पश्चिम बंगाल से पंजाब की ओर जा रही मालगाड़ी को रोकना पड़ा। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद रेल संचालन फिर से शुरू किया गया।
शव की पहचान सागरपुरी निवासी भतीजे आशीष मिश्रा ने अपने फूफा के रूप में की। परिजनों के अनुसार, राजकुमार तिवारी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और कुछ समय पहले डॉक्टरों ने भी जवाब दे दिया था। इसके बाद से वह काफी मानसिक तनाव में थे।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह गंभीर बीमारी और मानसिक तनाव सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई तहरीर के आधार पर की जाएगी।