चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर अलर्ट, भारी बारिश और 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, October 28, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान अर्नब को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर के बीच जिले में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने को कहा गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत व बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। शहरी और ग्रामीण इलाकों में कमजोर दीवारों, जर्जर इमारतों और असुरक्षित ढांचों की पहचान कर जरूरी कदम उठाने को भी कहा गया है।

प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, पुरानी इमारतों, कमजोर दीवारों और होर्डिंग के पास खड़े न हों। बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, खेत और तालाब के आसपास जाने से बचें। ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण न लें और छत, बालकनी या अन्य खुले स्थानों पर जाने से भी परहेज करें। लोगों को टॉर्च, जरूरी दवाएं और पीने का पानी तैयार रखने की सलाह दी गई है। पशुपालकों से कहा गया है कि वे मवेशियों को पेड़ों के नीचे, खुले मैदान या कमजोर छप्परों में न बांधें।

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के असर से कानपुर परिक्षेत्र के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके बाद दिन के तापमान में भी पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.