कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के बंगाली मोहाल इलाके में सोमवार देर रात बारिश के कारण एक बहुमंजिला पुराना मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मकान गिरने के धमाके से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि हादसा होने से ठीक पहले ही मकान में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गृहस्वामी बउआ मिश्रा के अनुसार, हादसे के समय घर के अंदर करीब 12 से 15 सदस्य मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शाम को पूजा करते समय उन्हें अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए पूरे परिवार को घर से बाहर निकाल लिया। परिवार के बाहर निकलते ही पहले मकान का छज्जा गिरा और रात करीब 11 बजे पूरा का पूरा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया।
इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घर में स्थापित करीब छह फुट ऊंची देवी मां की मूर्ति पूरा मकान ढहने और मलबा फैलने के बावजूद पूरी तरह सुरक्षित रही। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने इसे देवी मां का चमत्कार और आशीर्वाद बताया कि समय रहते सभी की जान बच गई और मूर्ति भी सुरक्षित रही।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मकान काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था, जो हालिया बारिश के बाद और अधिक कमजोर हो गया था। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मलबे को हटाने तथा आसपास के जर्जर ढांचों की सुरक्षा जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।