कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के एक दशहरा मेले में मंगलवार रात गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में विस्फोट होने से चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची और उसके पिता भी शामिल हैं। धमाके के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुआं फैलता नजर आ रहा है।
हादसा रात करीब 11:30 बजे नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा स्थित रामलीला मैदान में हुआ। यहां दशहरा मेले में काफी लोग मौजूद थे। इसी दौरान गुब्बारे बेच रहे रामू के पास रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। पास में गुब्बारे खरीद रही दो साल की बच्ची और उसके पिता इसकी चपेट में आ गए। गुब्बारे बेचने वाला रामू भी घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही मेले में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई।
गंभीर हालत में गुब्बारे बेचने वाला अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। रामू की हालत गंभीर होने के कारण उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जबकि बाकी घायलों का भी इलाज कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट के कारण चार लोग घायल हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी धमाके के बाद धुआं फैलने और लोगों के बीच मची अफरा-तफरी की झलक दिखाई दे रही है। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच कर रही है।