कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के अरमापुर स्टेट ग्राउंड में लगे मेले में गुरुवार रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यहां ग्रेविटी झूला चलने के करीब 30 सेकंड बाद टूट गया और एक तरफ झुक गया। झूले से तेज आवाज आने पर मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में झूले पर बैठे करीब 30 लोग चोटिल हो गए। राहत की बात यह रही कि उस समय झूले की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद झूला संचालक मौके से भाग निकला। बताया गया है कि उसने संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) ले रखा था। अब सवाल उठ रहा है कि सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बावजूद झूले में खराबी कैसे आई।
एनओसी की होगी जांच, कार्रवाई की तैयारी
एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि इस बात की जांच कराई जाएगी कि झूला संचालक को किन-किन विभागों से एनओसी मिली थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार भी मामले की जांच करेंगे।
मेले में छोटे-बड़े कुल 15 झूले लगाए गए थे। गुरुवार को मेले का आखिरी दिन था, लेकिन अंतिम दिन हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।