मानसून से पहले कानपुर में गर्मी का कहर, 41.7°C पर पहुंचा पारा

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, June 27, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में मानसून की दस्तक से पहले भीषण गर्मी और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और तपिश का असर देखने को मिला, जिससे दोपहर तक सड़कें सूनी नजर आईं और लोग धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेते रहे। हालांकि, दोपहर बाद आसमान में बादल छाए, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस और अधिक बढ़ गई, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

कृषि मौसम विभाग (सीएसए) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। तापमान में इस बढ़ोतरी ने दिन के साथ-साथ रातों को भी असहज बना दिया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार ऊंचे न्यूनतम तापमान के कारण शहर में 'वार्म नाइट' की स्थिति बनी हुई है। रात के समय भी गर्मी और उमस कम नहीं हो रही, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक उमस से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, जून के अंत तक कानपुर में मानसून के पहुंचने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि दोपहर बाद या शाम के समय कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.