कानपुर न्यूज डेस्क: रेलवे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गिट्टी रहित ट्रैक बनाने का काम होने जा रहा है। इसके चलते कानपुर सेंट्रल से होकर जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। 20 नवंबर से 29 दिसंबर के बीच रेलवे ने 4 ट्रेनों को रद्द करने और 17 ट्रेनों को दूसरे रूट से चलाने का फैसला किया है।
उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान कई लंबी दूरी की ट्रेनों को झांसी से न भेजकर हमीरपुर रोड-ओहन-जबलपुर के रास्ते चलाया जाएगा। प्रभावित ट्रेनों में 12174 उद्योग नगरी सुपरफास्ट, 12108 सीतापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट, 22583 अंत्योदय सुपरफास्ट, 12590 चर्लापल्ली-गोरखपुर, 11407 पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस और 12944 उद्योगकर्मी सुपरफास्ट शामिल हैं। वहीं 11123 ग्वालियर-बरौनी मेल और 11124 बरौनी-ग्वालियर मेल इटावा होकर चलेंगी।
इसके अलावा 11109 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस भी इस अवधि में प्रभावित रहेगी। यह ट्रेन झांसी से अपने तय समय से करीब 30 मिनट देर से रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि टिकट बुक करने या यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के रूट और संचालन की ताजा जानकारी जरूर ले लें, क्योंकि निर्माण कार्य के कारण यात्रा का समय भी बढ़ सकता है।
चार ट्रेनें रहेंगी कैंसिल
05073 केएसआर बेंगलुरु-लालकुआं एक्सप्रेस 24 नवंबर से 29 दिसंबर तक नहीं चलेगी। 05074 लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 21 नवंबर से 26 दिसंबर तक रद्द रहेगी। 07075 हैदराबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस 20 नवंबर से 25 दिसंबर और 07076 गोरखपुर-हैदराबाद एक्सप्रेस 22 नवंबर से 27 दिसंबर तक कैंसिल रहेगी।