कानपुर न्यूज डेस्क: सावन मेले को लेकर कानपुर के बिठूर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सावन के पहले सोमवार से पहले गुरुवार सुबह डीसीपी वेस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा सभा के पदाधिकारियों के साथ प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान गोदारा घाट, बारादरी घाट, ब्रह्मावर्त घाट और रानी लक्ष्मीबाई घाट का दौरा किया गया। प्रशासन का कहना है कि पहले सोमवार से बिठूर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम और मजबूत किए जा रहे हैं।
निरीक्षण में डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी, एसडीएम सदर, नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी, केस्को के एक्सईएन तथा श्री तीर्थ पुरोहित गंगा सभा के अध्यक्ष दीपक मिश्रा और कोषाध्यक्ष विष्णु द्विवेदी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ब्रह्मावर्त घाट पर बैरिकेडिंग मजबूत करने, फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित कराने और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। रानी लक्ष्मीबाई घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान घाटों के आसपास गंदगी मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे सावन माह में घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। यदि श्रद्धालुओं की ओर से शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी एस.एम. कासिम आबिदी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाए। इसके लिए चेतावनी बोर्ड, रस्सियां, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।