कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के काकादेव इलाके में सड़क किनारे पेशाब करने का विरोध करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि चार नशे में धुत युवकों ने 47 वर्षीय अमित कुमार पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमित ने सोमवार देर रात एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना ओम चौराहा के पास शनिवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अमित कुमार नवीन नगर स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहा के पास उन्हें चार युवक शराब पीते मिले। आरोप है कि उनमें से एक सड़क किनारे पेशाब करने लगा। अमित ने इसका विरोध किया तो युवक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद चारों ने उन्हें घेर लिया और सिर पर ईंट-पत्थरों से कई वार किए। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इलाके के सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हुई है और कुछ राहगीर उन्हें बचाने की कोशिश करते भी नजर आए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अमित को अस्पताल ले गई। बाद में परिवार ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर चारों आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि अमित को 5 सितंबर को घायल हालत में अस्पताल लाया गया था और उस समय चोटों को हादसे से जुड़ा बताया गया था। मौत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आसपास पूछताछ की, जिसमें मारपीट की बात सामने आई। काकादेव थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।