कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक 37 साल के व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसे कार से टक्कर मारी, फिर मारपीट कर उसे कार की छत पर डाल दिया। इसके बाद उसके दोनों हाथ कार की खिड़कियों के शीशों के बीच फंसाकर खिड़कियां बंद कर दीं और करीब डेढ़ किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कार दौड़ाते रहे। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बुधवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान बीरू सिंह भदौरिया के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात कानपुर के हनुमंत विहार इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि बीरू दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे, तभी कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने उन्हें कार से टक्कर मार दी। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और उन्हें कार की छत पर डाल दिया। आरोप है कि हमलावर उन्हें करीब 1.5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए और फिर सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
घायल बीरू को लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात अर्रा रोड पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। अगले दिन अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम भी कराया गया है। घटना की पूरी जानकारी जुटाने और आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।