कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रेस्टोरेंट में हंगामा करने और कर्मचारियों के साथ मारपीट के आरोप में एक दरोगा और एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है। शुरुआती जांच में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद डीसीपी सेंट्रल ने यह कार्रवाई की। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
घटना स्वरूप नगर स्थित टर्न ऑन रेस्टोरेंट की है। शनिवार देर रात करीब ढाई बजे चार लोग वहां पहुंचे थे। आरोप है कि कर्मचारियों ने हुक्का देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। हंगामे के दौरान कुछ कर्मचारियों के कपड़े तक फट गए। वहीं, अपना मोबाइल फोन लेने पहुंचीं महिलाओं के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप है।
दरोगा रजनीश भाटी और सिपाही आदित्य यादव सस्पेंड
इस मामले में निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों की पहचान दरोगा रजनीश भाटी और सिपाही आदित्य यादव के रूप में हुई है। रजनीश भाटी बेगमगंज थाने में तैनात हैं, जबकि आदित्य यादव एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के साथ अटैच हैं।
सीसीटीवी फुटेज और पुलिस रिकॉर्ड की जांच
मामले की शुरुआती जांच एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री ने की थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव को सौंपी, जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। इसके साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों की लोकेशन और जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज जानकारी भी खंगाली जा रही है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।