कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को मौसम उमस भरा बना हुआ है। सुबह से बादलों के बीच धूप निकलने लगी है, जिससे ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रमों के बीच लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है और अगले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार मानसून सक्रिय रहने से शहर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा। सुबह 8 से 10 बजे के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में बड़ी परेशानी की संभावना नहीं है। दिन में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हवा में नमी का स्तर 78 से 85 प्रतिशत तक रह सकता है। धूप और बादलों की लुकाछिपी के कारण उमस और बढ़ेगी। नमी ज्यादा होने की वजह से तापमान वास्तविक से काफी अधिक महसूस हो सकता है और लोगों को 40 से 42 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का अहसास हो सकता है। शुक्रवार को भी कानपुर में 13.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
सीएसए की शुक्रवार की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, शहर में 1 जून से अब तक 441.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 10 प्रतिशत ज्यादा है। शुक्रवार सुबह और शाम दोनों समय बारिश हुई, लेकिन दिनभर उमस से लोग परेशान रहे।