कानपुर में आज बारिश के आसार, दोपहर बाद गरज-चमक के साथ पड़ सकती हैं तेज बौछारें

Photo Source : Google

Posted On:Monday, September 14, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हवाएं चलने से मौसम फिलहाल सुहावना बना हुआ है। हालांकि दोपहर बाद से मौसम में बदलाव हो सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश के बाद भी हवा में नमी ज्यादा रहने से उमस बनी रहेगी और दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस समय मानसून सक्रिय है। इलाके में लो-प्रेशर एरिया बना हुआ है और मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके चलते दिनभर बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। खासकर दोपहर और शाम के वक्त कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। बारिश की संभावना 25 से 37 फीसदी के बीच बताई गई है।

इससे पहले रविवार को मौसम ने लोगों को काफी परेशान किया। सुबह हल्के बादल रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई। शाम के समय मौसम बदला और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे कुछ राहत मिली। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था।

रविवार रात भी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 86 फीसदी रही। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सोमवार को बादल और बारिश की स्थिति के बावजूद उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। अचानक मौसम बदलने और तेज बौछार पड़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.