कानपुर में 32 साल की महिला की हत्या का खुलासा, शादीशुदा प्रेमी पर हत्या का आरोप

Photo Source : Google

Posted On:Monday, October 26, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के स्वर्ण जयंती विहार में किराये के मकान में मृत मिली 32 साल की महिला की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के साथ पहले लिव-इन में रह चुका शादीशुदा ठेकेदार पप्पू पासवान ही हत्या का आरोपी है। पूछताछ में उसने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि महिला उस पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी।

कमरे में तख्त के नीचे मिला था शव

देवरिया की रहने वाली महिला ने घटना से करीब 20 दिन पहले स्वर्ण जयंती विहार में किराये पर कमरा लिया था। वहां वह सनिगवां के मीट कारोबारी आकिब कुरैशी के साथ रहती थी और उसे अपना पति बताती थी। 22 अक्टूबर को पड़ोस के कमरे में रहने वाले आदित्य ने महिला के कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उसने मकान मालिक को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस को महिला का शव कमरे में तख्त के नीचे मिला। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। देवरिया से अपनी छोटी बेटी के साथ आई महिला की मां ने शव की पहचान अपनी बड़ी बेटी के रूप में की। शनिवार को पैनल की निगरानी और वीडियोग्राफी के साथ हुए पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पूछताछ में पप्पू पासवान ने क्या बताया?

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला ने सेनपश्चिम पारा के पिपरगवां निवासी ठेकेदार पप्पू पासवान के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे गोकुल ग्राउंड के पास से पकड़ा। पूछताछ में पप्पू ने बताया कि वर्ष 2021 में महिला उसके संपर्क में आई थी। वह पहले से शादीशुदा था, लेकिन महिला के दबाव में उसने उससे शादी कर ली। इसके बाद वह महिला के सनिगवां स्थित किराये के मकान पर आने-जाने लगा।

पहले दर्ज कराया था दहेज उत्पीड़न का केस

पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद महिला ने बिधनू थाने में पप्पू के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और शादीशुदा होने के बावजूद शादी करने से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों अलग हो गए, जिसके बाद महिला मीट कारोबारी आकिब कुरैशी के संपर्क में आई और उसके साथ स्वर्ण जयंती विहार में रहने लगी। बाद में आकिब से भी उसका विवाद हो गया। महिला ने गंगाघाट थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई, जिसे बाद में चकेरी थाने भेजा गया। इस मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई थी। इसके बाद महिला ने आकिब से दूरी बना ली और दोबारा पप्पू के संपर्क में आ गई। उसने पहले दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने की बात कहते हुए फिर से उसके साथ रहना शुरू कर दिया।

बेटी को लेकर विवाद के बाद हत्या का आरोप

पप्पू ने पुलिस को बताया कि महिला उस पर अपनी पत्नी से तलाक लेने का दबाव बना रही थी। मना करने पर वह उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। आरोपी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान महिला ने उसकी नाबालिग बेटी को लेकर अपमानजनक बातें कही थीं। पप्पू का दावा है कि 22 अक्टूबर से पहले बुधवार को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर झगड़ा और हाथापाई हुई। आरोप है कि उसने महिला के सिर पर ईंट से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह वहां से भाग गया।

महिला ने बदले थे पांच नाम, पुलिस जांच जारी

डीसीपी के मुताबिक, महिला ने करीब 12 साल पहले जाजमऊ निवासी हमजा से शादी की थी, जो रिश्ते में उसका बहनोई लगता था। इसके बाद वह उन्नाव के गंगाघाट लखापुर निवासी राजकुमार, पप्पू पासवान और आकिब कुरैशी के साथ लिव-इन में रही। पुलिस का कहना है कि महिला ने राजकुमार को अपना पिता बताकर उसके पते पर आधार कार्ड भी बनवाया था। बाद में उसने राजकुमार, पप्पू और आकिब के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस के अनुसार, महिला ने अलग-अलग समय पर पांच नामों का इस्तेमाल किया था। फिलहाल पुलिस इन लोगों से संपर्क करने और उनके बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.