कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में मंगलवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और सुबह करीब साढ़े नौ बजे से बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सोमवार शाम को भी शहर के कई इलाकों में बारिश हुई थी। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 अगस्त के बीच कानपुर में मानसून सक्रिय रहेगा और अच्छी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक कानपुर में 314.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में 321.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। आईएमडी लखनऊ के अनुसार इस सीजन में अब तक जिले में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 111.53 मीटर दर्ज किया गया है, जो चेतावनी स्तर के करीब पहुंच चुका है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 24 घंटों तक शहर के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बनी रह सकती है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने और फिलहाल खाद व कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।
सोमवार शाम से हो रही रुक-रुककर बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। सर्वोदय नगर में आरटीओ रोड, सीजीएसटी कार्यालय और अपर श्रमायुक्त कार्यालय परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा कल्याणपुर, नौबस्ता और जाजमऊ समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही।