कानपुर में तखत पर सोने को लेकर खूनी झगड़ा, बड़े भाई ने ईंट से सिर कुचलकर छोटे भाई की हत्या की

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, October 22, 2026

कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के दर्शनपुरवा में तखत पर सोने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात दोनों भाई दशहरा मेला देखकर नशे की हालत में घर लौटे थे। घर की छत पर रखे एक ही तखत पर सोने को लेकर उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय शिवकुमार उर्फ बल्लू कश्यप के रूप में हुई है। वह फैब्रिकेटिंग का काम करते थे, जबकि उनके बड़े भाई सतीश उर्फ बच्ची पेंटिंग और पुताई का काम करते हैं। उनके चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार कश्यप के मुताबिक, सतीश को नशे की लत थी। इसी वजह से उनकी पत्नी नंदिनी करीब पांच साल पहले अपनी बेटी को लेकर घर छोड़कर चली गई थीं। परिवार में पांच बहनें भी हैं, जिनमें रीतू और सुमन शामिल हैं। सभी की शादी हो चुकी है।

सुबह छत पर खून से लथपथ मिला छोटा भाई

बुधवार सुबह लोगों ने छत पर बल्लू को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय और एसीपी ज्योतिश्री पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। इसके बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की।

पहले दूसरे रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप

पुलिस ने बड़े भाई सतीश उर्फ बच्ची को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने मकान हड़पने के लिए अपनी बुआ के बेटे पर हत्या करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने पूछताछ के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूत दिखाए, जिसके बाद उसने छोटे भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। मृतक की बहन रीतू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तखत पर सोने को लेकर नशे की हालत में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


कानपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Kanpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.