कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के पनकी में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भाटिया तिराहे के पास बाइक से जा रहे ऑर्डिनेंस फैक्टरी के रिटायर्ड अधिकारी होम सिंह (60) ने सड़क पार कर रही दो छात्राओं को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिया। इस दौरान बाइक फिसल गई और वह सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
होम सिंह ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गिरते समय उसकी स्ट्रिप खुल गई। उनके सिर और सीने में चोट लगी थी। आसपास के लोगों ने उन्हें बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पनकी एसीपी अमित चौरसिया के मुताबिक, हादसे में बुजुर्ग की जान गई है।
होम सिंह अरमापुर ऑफिसर्स कॉलोनी में पत्नी गीता के साथ रहते थे। वह 30 जून को ऑर्डिनेंस फैक्टरी में क्लास वन अधिकारी के पद से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने काम करना बंद नहीं किया और भाटिया तिराहे के पास कोटक इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट के रूप में काम करने लगे। सोमवार को भी वह इसी सिलसिले में घर से निकले थे। उन्हें क्या पता था कि रोज की तरह ऑफिस के लिए निकला यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज पांच दिन पहले, 5 नवंबर को ही छोटे बेटे रजत की सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही थी और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। होम सिंह के दोनों बेटे रजत और अमन नोएडा में इंजीनियर हैं। परिवार को जल्द ही बेटे की शादी का जश्न मनाने की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। पत्नी गीता और दोनों बेटे इस अचानक हुई घटना से सदमे में हैं।