कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर चिड़ियाघर को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। बरेली और भोपाल की लैब से भेजे गए वन्यजीवों के सैंपल की तीसरी और आखिरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इससे चिड़ियाघर को दोबारा खोलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। जू प्रशासन की ओर से जुलाई माह में इसे दर्शकों के लिए खोलने की योजना बनाई जा रही है।
जू रेंजर नावेद इकराम ने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका के चलते कुल 12 वन्यजीवों और पक्षियों के सैंपल IVRI बरेली और भोपाल की लैब भेजे गए थे। सभी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब नियमों के तहत चिड़ियाघर खोलने की अनुमति मिलने की संभावना बन गई है। चिड़ियाघर प्रशासन जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक कर शासन को पूरी रिपोर्ट भेजेगा, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 13 मई को गोरखपुर से लाए गए पटौदी नामक बब्बर शेर की इलाज के दौरान मौत हुई थी, जिसके बाद चिड़ियाघर में मोर की भी बर्ड फ्लू से मौत हुई थी। इसी दौरान एक बत्तख और नीलगाय के बच्चे की भी मौत हुई थी। हालांकि, चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार नीलगाय की मौत आपसी झगड़े में घायल होने के कारण हुई थी।
इसके अलावा एक लकड़बग्घा और एक एमू की भी मृत्यु हुई थी, जो आपसी लड़ाई के चलते घायल होकर मारे गए थे। लगातार हुई इन मौतों के कारण बर्ड फ्लू की आशंका के चलते चिड़ियाघर को एहतियातन बंद कर दिया गया था। अब तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद उम्मीद है कि जुलाई में चिड़ियाघर एक बार फिर दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।