कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे घर को पल भर में मातम में बदल दिया। जिस परिवार में 10 साल बाद बेटे के जन्म की खुशी आई थी, उसी घर से पिता का साया उठ गया। नवजात बेटे से मिलने अस्पताल जा रहे पिता की रास्ते में ही मौत हो गई।
बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना फ्लाईओवर के पास चौबेपुर के चंद्रिका गांव निवासी 36 वर्षीय शिवनंदन सिंह को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शिवनंदन खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के मुताबिक, उनकी पत्नी जूली ने शादी के 10 साल बाद बेटे को जन्म दिया है और वह कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह आईसीयू में उपचाराधीन हैं। उनकी देखभाल के लिए शिवनंदन की मां अस्पताल में ही मौजूद थीं।
बताया गया कि शिवनंदन देर रात बाइक से पत्नी के लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही वे रामा अस्पताल के पास एलिवेटेड हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, हालांकि अभी तक यह दुखद खबर पत्नी को नहीं दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बिठूर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।