कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र से गायब हुई एक किशोरी के मामले में पुलिस ने एक बेहद हैरान करने वाला खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक युवती ने किशोरी को समलैंगिक संबंधों के झांसे में फंसाया और उसका अपहरण कर उसे अपने साथ बंगाल ले गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान रूमाना खातून (21) के रूप में हुई है, जिसने अपना नाम 'नव्या' बताकर किशोरी से दोस्ती की थी। आरोपी युवती किशोरी को पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर ले गई, जहां उसने खून से मांग भरकर 'निकाह' जैसी रस्में निभाईं। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से इस पूरी घटना के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिले हैं।
घटना की शुरुआत 5 अप्रैल को हुई थी जब किशोरी अचानक लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर 7 अप्रैल को अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जब सर्विलांस का सहारा लिया, तो किशोरी की लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिली। पुलिस की टीम को पीछे आते देख आरोपी महिला किशोरी को लेकर ट्रेन से गुरुग्राम भागने की फिराक में थी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने किशोरी को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि आरोपी महिला रूमाना खातून को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी महिला पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रही है।